Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

जिला पंचायत सीईओ ने विकास कार्यों की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश


 जिला पंचायत सीईओ ने विकास कार्यों की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश


प्रधानमंत्री आवास, मनरेगा, जल संरक्षण एवं स्वच्छता कार्यों की हुई विस्तृत समीक्षा

बारिश से पहले जल संरक्षण कार्य पूर्ण करने और मांग अनुसार रोजगार उपलब्ध कराने पर जोर

बेमेतरा 20 मई 2026/- जिला पंचायत सीईओ श्रीमती प्रेमलता पद्माकर द्वारा पंचायतों में संचालित विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, महात्मा गांधी नरेगा, जल संरक्षण कार्यों एवं स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत संचालित गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक में सीईओ ने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्यों में तेजी लाते हुए समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की समीक्षा

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत निर्माणाधीन आवासों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। सीईओ श्रीमती पद्माकर ने 65 प्रतिशत से कम पूर्णता वाले पंचायतों की विशेष रूप से समीक्षा करते हुए संबंधित नोडल अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा हितग्राहियों के आवास समय पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना शासन की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

मनरेगा अंतर्गत रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश

महात्मा गांधी नरेगा अंतर्गत सभी ग्राम पंचायतों में मांग अनुसार रोजगार उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। सीईओ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक गांव में कार्य प्रारंभ कर अधिक से अधिक ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि मनरेगा केवल रोजगार का माध्यम नहीं बल्कि ग्रामीण विकास एवं जल संरक्षण के महत्वपूर्ण कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रभावी माध्यम भी है।

जल संरक्षण कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश

बैठक में जल संरक्षण को लेकर विशेष चर्चा की गई। सीईओ ने बारिश से पहले सभी जल संरक्षण कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में जल संरक्षण को जनआंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। सभी शासकीय भवनों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग निर्माण कराने पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने कहा गया। साथ ही “नवा तरिया” निर्माण हेतु प्रस्ताव प्राप्त कर स्वीकृति की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।

कुओं की सफाई और जल स्तर सर्वे कराने के निर्देश

सीईओ ने जिले में उपलब्ध कुओं की साफ-सफाई कराने तथा जलदूत ऐप के माध्यम से कुओं का सर्वे कर जल स्तर मापने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल स्रोतों का संरक्षण एवं नियमित मॉनिटरिंग भविष्य की पेयजल आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अत्यंत आवश्यक है।

स्वच्छ भारत मिशन की भी हुई समीक्षा

बैठक में स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत ग्राम पंचायतों में संचालित स्वच्छता गतिविधियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को गांवों में स्वच्छता अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा जनजागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए गए। बैठक में अन्य विभिन्न एजेंडों पर भी चर्चा की गई। जिला पंचायत सीईओ ने सभी विभागीय अधिकारियों को योजनाओं एवं विकास कार्यों में प्रगति लाते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |