Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

जिले में पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त उपलब्धता, अफवाहों पर ध्यान न दें: प्रशासन


 जिले में पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त उपलब्धता, अफवाहों पर ध्यान न दें: प्रशासन


77 पेट्रोल पंपों पर ईंधन की आपूर्ति सुचारु, जरूरत से अधिक संग्रहण न करने की अपील

बेमेतरा 19 मई 2026/-
जिले में पेट्रोल एवं डीजल की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा पेट्रोल पंप संचालकों एवं ऑयल कंपनियों के सेल्स ऑफिसर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में इंडियन ऑयल कॉर्पाेरेशन लिमिटेड (IOCL), भारत पेट्रोलियम कॉर्पाेरेशन लिमिटेड (BPCL) एवं हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पाेरेशन लिमिटेड (HPCL) के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि जिला बेमेतरा में संचालित सभी IOCL, BPCL एवं HPCL आउटलेट्स पर पेट्रोल एवं डीजल की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है तथा आपूर्ति में किसी प्रकार की कमी नहीं की गई है। जिले के सभी 77 पेट्रोल पंपों पर ईंधन की सप्लाई सामान्य रूप से जारी है।
इसके साथ ही अधिकारियों ने बताया कि जिले में कुल 77 पेट्रोल पंप संचालित हैं, जिनमें IOCL के 34, BPCL के 19 तथा HPCL के 24 पेट्रोल पंप शामिल हैं। वर्तमान में इनमें से लगभग 12 पेट्रोल पंपों पर अस्थायी रूप से ईंधन की कमी की स्थिति बनी हुई है, लेकिन संबंधित ऑयल कंपनियों द्वारा वहां शीघ्र ही पेट्रोल एवं डीजल की आपूर्ति पहुंचाई जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह केवल अस्थायी स्थिति है तथा जिले में कुल मिलाकर ईंधन का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और संयम बनाए रखें।
प्रशासन ने बताया कि हाल के दिनों में पेट्रोल एवं डीजल की कमी को लेकर फैलाई जा रही अफवाहों के कारण कई उपभोक्ता आवश्यकता से अधिक ईंधन भरवा रहे हैं। कुछ लोग वाहनों के अलावा जरीकेन, बोतल, डिब्बों आदि में भी ईंधन संग्रहित करने के लिए पेट्रोल पंपों पर पहुंच रहे हैं। इससे पंपों पर अनावश्यक भीड़ एवं मांग में अचानक वृद्धि जैसी स्थिति निर्मित हो रही है। तेल कंपनियों IOCL, BPCL एवं HPCL सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए जरीकेन, बोतल, डिब्बा आदि में पेट्रोल-डीजल देने पर प्रतिबंध लगाया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों को घबराने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि जिले में ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा केवल आवश्यकता अनुसार ही पेट्रोल एवं डीजल खरीदें। अनावश्यक संग्रहण से बचें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को सुचारु रूप से ईंधन उपलब्ध हो सके और व्यवस्था बनी रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |