Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

चिरमिरी में जिला स्तरीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, महापौर और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बच्चों को पिलाई दवा


 चिरमिरी में जिला स्तरीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, महापौर और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बच्चों को पिलाई दवा


एमसीबी/28 जून 2026/
राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान के तहत आज चिरमिरी में जिला स्तरीय कार्यक्रम का  शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर अतिथियों ने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो खुराक की  "दो बूंद" पिलाकर अभियान की शुरुआत की, कार्यक्रम में मुख्य रूप से चिरमिरी नगर पालिक निगम के महापौर श्री राम नरेश राय, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे, सिविल सर्जन डॉ. राजेंद्र राय  बीएमओ डॉ मनीष सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक शिशिर जायसवाल, आयुष्मान आरोग्य मंदिर नोडल अधिकारी श्री अवनीश पाण्डेय, बीपीएम श्री राजकुमार रजवाड़े उपस्थित रहे।
इस गरिमामयी कार्यक्रम में पार्षद श्री मनीष खटिक, श्री नरेंद्र साहू, रित जैन जी के साथ अस्पताल प्रबंधक श्री विरेन्द्र साव भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना योगदान दिया।
जिले में बनाए गए 542 बूथ, तीन दिवसीय चलेगा अभियान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए पूरे जिले में कुल 542 पोलियो बूथ बनाए गए हैं। यह अभियान जिले के सभी ब्लॉकों और शहरी क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर चलाया जा रहा है।
अभियान के पहले दिन इन निर्धारित बूथों पर बच्चों को दवा पिलाई जा रही है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को दवा पिलाएंगी ताकि कोई भी बच्चा सुरक्षा चक्र से बाहर न रहे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे ने कहा, भारत को पोलियो मुक्त बनाए रखने के लिए यह अभियान बेहद महत्वपूर्ण है। हमारा मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के शून्य से 5 वर्ष तक के शत-प्रतिशत बच्चों को कवर करना है। 542 बूथों के माध्यम से हम हर इलाके तक पहुंच रहे हैं। पहली खुराक बूथ पर दी जा रही है, लेकिन जो बच्चे आज किसी कारणवश छूट जाएंगे, उनके लिए हमारी टीमें अगले दो दिनों तक घर-घर दस्तक देंगी। उन्होंने सभी पालकों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अपने बच्चों को यह जीवन रक्षक खुराक जरूर दिलाएं।
महापौर ने की अपील -महापौर श्री राम नरेश राय ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपने 5 वर्ष तक के बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर दवा जरूर पिलवाने का आग्रह किया।
इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी -कर्मचारी,  मितानीन और स्वास्थ्य कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |