Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

मतदाता जागरूकता हेतु महाविद्यालयों में होंगी विविध प्रतियोगिताएं



जिला निर्वाचन अधिकारी ने दिए निर्देश, युवाओं की होगी सक्रिय भागीदारी

गरियाबंद 29 सितम्बर 2025/ भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली तथा मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ रायपुर के निर्देशानुसार जिले के सभी शासकीय महाविद्यालयों और उच्च शैक्षणिक संस्थानों में मतदाता जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर श्री बी एस उईके ने सभी महाविद्यालय प्राचार्यों को निर्देशित किया है कि वे अपने संस्थान में स्वीप कार्ययोजना के अंतर्गत निर्धारित अकादमिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन सुनिश्चित करें।
निर्वाचन आयोग की कार्ययोजना के तहत युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने और उनमें मतदान के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से परिचर्चा, निबंध प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक और अन्य प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। परिचर्चा का विषय “लोकतंत्र बनाम चुनावी राजनीति : क्या हम असली मुद्दों से भटक रहे हैं?” रखा गया है। वहीं निबंध प्रतियोगिता का विषय “लोकतंत्र में निर्वाचन प्रक्रिया पर मीडिया की भूमिका” होगा। छात्र-छात्राओं को निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े प्रासंगिक विषयों पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत करने का अवसर भी मिलेगा।

      इसके अतिरिक्त नारा लेखन एवं वीडियो प्रस्तुति प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। इसमें छात्र-छात्राएं मतदाता सूचियों में नाम दर्ज कराने, भय एवं लोभ से मुक्त होकर मतदान करने तथा अधिक से अधिक मतदाता सहभागिता सुनिश्चित करने से संबंधित प्रेरक नारे तैयार करेंगे। प्रत्येक प्रतिभागी को अपने मौलिक नारे को बोलते हुए 15 से 30 सेकंड का छोटा वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स फेसबुक, एक्स और इंस्टाग्राम पर पोस्ट करना होगा। वीडियो अपलोड करते समय हैशटैग गो रजिस्टर और हेस्टैग गो वेरिफाई  का उपयोग तथा सीईओ छत्तीसगढ़ को भी टैग करना अनिवार्य होगा। प्रतियोगिता की अंतिम तिथि 1 अक्टूबर से 15 अक्टूबर 2025 तक निर्धारित की गई है। प्रविष्टियां केवल वीडियो रूप में ही स्वीकार की जाएंगी। चयनित श्रेष्ठ प्रविष्टियों को सम्मानित किया जाएगा और उन्हें आगामी मतदाता जागरूकता अभियानों में प्रदर्शित भी किया जाएगा। राज्य स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को डिजिटल प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे।
       जिला निर्वाचन अधिकारी श्री उईके ने बताया कि प्रत्येक महाविद्यालय में नियुक्त कैम्पस एम्बेसडर एवं प्रोफेसर नोडल अधिकारी (स्वीप) की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने महाविद्यालयों से अपेक्षा की है कि वे समयसीमा के भीतर इन गतिविधियों का आयोजन कर पालन प्रतिवेदन जिला निर्वाचन कार्यालय को प्रेषित करें।
कलेक्टर श्री उईके ने जिले के युवाओं से अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में युवाओं की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। छात्र-छात्राएं इन प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेकर मतदान के महत्व को समाज तक पहुँचाएँ और अधिक से अधिक लोगों को मतदान हेतु प्रेरित करें। प्रतियोगिता संबंधी दिशा-निर्देश, सोशल मीडिया लिंक एवं क्यूआर कोड कार्यालय मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ की वेबसाइट एवं सोशल मीडिया पेज पर उपलब्ध हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |