Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

20 मई को राष्ट्रव्यापी दवा व्यापार बंद का आह्वान


 20 मई को राष्ट्रव्यापी दवा व्यापार बंद का आह्वान

गंभीर मरीजों से दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक रखने की अपील

गरियाबंद, 18 मई 2026/राष्ट्रीय संगठन ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एण्ड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के आह्वान पर 20 मई 2026 को देशभर में एकदिवसीय राष्ट्रव्यापी दवा व्यापार बंद रखा जाएगा। संगठन के अंतर्गत देशभर में लगभग 12 लाख 40 हजार से अधिक केमिस्ट एवं औषधि वितरक जुड़े हुए हैं। ऑनलाइन फार्मेसी के विरोध में किए जा रहे इस बंद को लेकर जिला गरियाबंद केमिस्ट एण्ड ड्रगिस्ट संघ द्वारा भी कलेक्टर कार्यालय में अग्रिम सूचना का ज्ञापन सौंपा गया है। संभावित स्थिति को देखते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सह उपसंचालक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग गरियाबंद ने जिलेवासियों से आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।
विभाग ने मधुमेह, रक्तचाप, अस्थमा, हृदय रोग, कैंसर, मिरगी सहित अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों से नियमित उपयोग की दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक पहले से खरीदकर रखने का अनुरोध किया है। साथ ही जीवनरक्षक दवाइयों, मौसम संबंधी आवश्यक दवाइयों एवं बच्चों की दवाओं को भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने की सलाह दी गई है। आपातकालीन स्थिति में नागरिकों को नजदीकी अस्पताल, जिला चिकित्सालय एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों से संपर्क करने को कहा है।
स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्रों एवं श्री धन्वंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर्स को 20 मई को 24 घंटे खुला रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि आम लोगों को दवाइयों की उपलब्धता बनी रहे। विभाग ने बताया कि कुछ निजी दवा विक्रेता, जैसे अपोलो फार्मेसी एवं कुछ श्री धन्वंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर्स बंद में शामिल नहीं होंगे और आवश्यकता पड़ने पर वहां से दवाइयां प्राप्त की जा सकती हैं। दवाइयों की अनुपलब्धता की स्थिति में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के टोल फ्री नंबर 93405-97097 पर संपर्क किया जा सकता है। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने जिला दवा विक्रेता संघ से शांतिपूर्ण एवं वैध तरीके से बंद का समर्थन करने, आपातकालीन एवं जीवनरक्षक दवाइयों की आपूर्ति बनाए रखने, अफवाहों से बचने तथा स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय बनाए रखने की अपील की है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |