विधायक इन्द्र साव तहसील महिला साहू संघ द्वारा आयोजित तीज मिलन समारोह में शामिल हुए
भाटापारा। तहसील महिला साहू संघ के तत्वावधान में आयोजित तीज मिलन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक इन्द्र साव सम्मिलित हुए। इस दौरान उन्होंने तीजा का निर्जला व्रत रखने वाली सभी माता-बहनों को अपनी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं प्रेषित की। उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक इन्द्र साव ने तीजा पर्व के सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व पर कहा कि तीजा का छत्तीसगढ़िया संस्कृति में एक अत्यंत विशिष्ट और गौरवशाली स्थान है। यह पर्व केवल एक व्रत नहीं, बल्कि भारतीय नारी के अटूट विश्वास, त्याग और समर्पण का जीवंत उदाहरण है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन माता पार्वती ने भगवान शिव को पति रूप में प्राप्त करने के लिए कठोर, निराहार और निर्जला व्रत रखी थी। उनके इसी अनन्य तप से प्रसन्न होकर महादेव ने उन्हें अर्धांगिनी के रूप में स्वीकार किया। इसी पावन परंपरा का निर्वहन करते हुए आज भी हमारी माताएं और बहनें अपने पति की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और अखंड सौभाग्य की कामना के लिए यह कठिन निर्जला व्रत रखती हैं। विधायक साव ने कहा कि इस पर्व की एक और खूबसूरत विशेषता यह है कि बेटियां अपने मायके आकर इस उत्सव को मनाती हैं, जिससे पारिवारिक रिश्तों में प्रेम और मिठास और गहरी होती है। उन्होंने तहसील महिला साहू संघ के इस भव्य आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन हमारी पारंपरिक संस्कृति, संस्कारों और सामाजिक समरसता को जीवित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी महिलाओं का अभिनंदन करते हुए उनके सुखी और समृद्ध जीवन की मंगलकामना की। इस अवसर पर तहसील महिला साहू संघ अध्यक्ष नीरा साहू, डॉ. वीणा साहू, सती साहू, अनिता साहू, संगीता साहू, चित्ररेखा साहू, लिलेश्वरी साहू, हिरमत साहू, प्रमिला साहू, दीपा साहू, सीता साहू, राजेश्वरी साहू, यामिनी साहू, पदाधिकारी सहित सामाजिक कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
