Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में होंगे विविध कार्यक्रम



 सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में होंगे विविध कार्यक्रम

स्कूलों में आयोजित होंगी भाषण व झांकी प्रतियोगिताएं


गरियाबंद/  राज्य शासन के निर्देशानुसार गरियाबंद जिले में भी ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत विकसित भारत की संकल्पना, 25 वर्षों की सेवा कार्यों तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को विद्यार्थियों एवं आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। 

अभियान की शुरुआत 17 सितंबर 2026 को ‘दीप प्रज्वलन’ कार्यक्रम से होगी। इस दौरान प्रत्येक शासकीय भवन, विद्यालय, आश्रम एवं अनुदान प्राप्त विद्यालय में दीप प्रज्वलन किया जाएगा। साथ ही शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के घरों में भी दीप प्रज्वलित करने के निर्देश दिए गए हैं।

अभियान के तहत ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ विषय पर भाषण एवं झांकी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। विद्यालय स्तर पर भाषण प्रतियोगिता 18 सितंबर तथा झांकी प्रदर्शन 19 सितंबर को होगा। इसके बाद विकासखंड स्तर पर प्राथमिक/पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में 28 सितंबर और माध्यमिक/उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में 1 अक्टूबर को प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। जिला स्तरीय प्रतियोगिता 3 अक्टूबर को प्रस्तावित है।

जिला शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार चंद्राकर ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान विद्यार्थियों को विकसित भारत की संकल्पना से जोड़ने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवा कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने सभी विद्यालयों को अभियान के तहत निर्धारित गतिविधियों में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

अभियान के दौरान ‘उड़ान’ कार्यक्रम के अंतर्गत एनसीसी, स्काउट एवं स्कूली बच्चों की गतिविधियां 23 सितंबर को आयोजित होंगी। वहीं ‘युवा रंगोली’ कार्यक्रम 24 सितंबर को विकासखंड मुख्यालय के विद्यालयों में आयोजित किया जाएगा।

इसी क्रम में ‘सेवा सेतु’ के अंतर्गत विकासखंड स्तरीय सेवा कार्यक्रमों में सायकल वितरण सहित अन्य योजनाओं का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा ‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम के माध्यम से योजनाओं के पहले और बाद की स्थिति से संबंधित अनुभव विद्यालय, ब्लॉक एवं जिला स्तर पर प्रस्तुत किए जाएंगे। इस अवसर पर विद्यालयों में आयोजित गतिविधियों की फोटो एवं वीडियो बनाकर निर्धारित पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे। साथ ही कार्यक्रमों में पालकगण, शाला प्रबंधन समिति के सदस्य एवं ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |