Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

सेवा संकल्प अभियान से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ता किसान

 सेवा संकल्प अभियान-2026


सेवा संकल्प अभियान से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ता किसान
पीएम सूर्य घर योजना से बना ऊर्जा उत्पादक
3 किलोवाट सोलर संयंत्र से बिजली बिल हुआ शून्य

गरियाबंद, 16 सितंबर 2026/ प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष की सेवा पूर्ण होने के अवसर पर प्रदेश में सेवा संकल्प अभियान का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से सेवा, सुशासन और जनभागीदारी की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के साथ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना भी आम नागरिकों को स्वच्छ ऊर्जा अपनाने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर दे रही है।
इसी का उदाहरण जिले के फिंगेश्वर विकासखंड के ग्राम पंचायत रोहिणा निवासी किसान श्री मिश्री राम साहू हैं। उन्होंने अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित कराया है। संयंत्र लगने के बाद उनका मासिक बिजली बिल, जो पहले लगभग 2 हजार रुपये आता था, अब पूरी तरह शून्य हो गया है। श्री साहू ने बताया कि सोलर संयंत्र स्थापित करने के लिए उन्हें केन्द्र सरकार से 78 हजार रुपये तथा राज्य सरकार से 30 हजार रुपये की अनुदान राशि प्राप्त हुई। शेष राशि के लिए उन्होंने 6 प्रतिशत ब्याज दर पर 10 वर्ष के लिए ऋण लिया, जिसकी मासिक किस्त लगभग 800 रुपये है। अब उनके घर की बिजली की जरूरतें सौर ऊर्जा से पूरी हो रही हैं तथा अतिरिक्त बिजली विद्युत ग्रिड में भेजी जा रही है। इससे उन्हें भविष्य में अतिरिक्त आय का अवसर भी मिलेगा।
श्री साहू ने कहा कि पहले वे बिजली के उपभोक्ता थे, लेकिन अब ऊर्जा उत्पादक बन गए हैं। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया है। उन्होंने इस पहल के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत पात्र परिवारों को रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित करने के लिए अनुदान दिया जा रहा है। 3 किलोवाट और उससे अधिक क्षमता के संयंत्र के लिए केन्द्र सरकार द्वारा अधिकतम 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी तथा छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 3 किलोवाट तक के संयंत्र पर 30 हजार रुपये की अतिरिक्त अनुदान राशि दी जा रही है।
योजना से हितग्राहियों को आसान ऋण, नेट मीटरिंग की सुविधा, बिजली बिल में बचत और अतिरिक्त बिजली ग्रिड में बेचकर आय अर्जित करने का अवसर मिल रहा है। इस तरह स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ नागरिक आर्थिक रूप से भी आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहे हैं। सेवा संकल्प अभियान की भावना के अनुरूप ऐसी योजनाएं लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाकर सेवा और सुशासन को धरातल पर साकार कर रही हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |