Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

सेवा, सुशासन और जनभागीदारी को जन-जन तक पहुंचाएगा ‘सेवा संकल्प अभियान’


 सेवा, सुशासन और जनभागीदारी को जन-जन तक पहुंचाएगा ‘सेवा संकल्प अभियान’

17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक जिले में होंगे विविध कार्यक्रम, कलेक्टर ने अधिकारियों को सौंपे दायित्व

गरियाबंद, 10 सितम्बर 2026/ सेवा, सुशासन और जनभागीदारी की भावना को व्यापक रूप से जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आगामी 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रस्तावित इस अभियान के अंतर्गत ग्राम स्तर से लेकर राज्य स्तर तक विभिन्न जनभागीदारीमूलक एवं रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा ने आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में बताते  हुए  कहा कि 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विकसित भारत 2047 के सामूहिक संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है। अभियान के माध्यम से केंद्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवाओं एवं उपलब्ध अवसरों की जानकारी पात्र नागरिकों तक पहुंचाकर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ ही सेवा गतिविधियों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, जनसंवाद एवं रचनात्मक सहभागिता के माध्यम से प्रत्येक परिवार को अभियान से जोड़ना है।
   कलेक्टर श्री शर्मा ने कहा कि अभियान की मूल भावना सेवा, सुशासन और जनभागीदारी है। इसे केवल शासकीय कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय सहभागिता से जन-अभियान का स्वरूप दिया जाए। उन्होंने कहा कि ‘सेवा मेरा योगदान’ जैसी पहल के माध्यम से नागरिकों, सामाजिक संगठनों और संस्थाओं को अभियान से जोड़ा जाए, ताकि सेवा कार्यों में सामूहिक सहभागिता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को और मजबूत किया जा सके।
उन्होंने ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के माध्यम से शासन की योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और नागरिक सेवाओं को पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान यह सुनिश्चित किया जाए कि लोगों को योजनाओं की जानकारी के साथ-साथ उनका वास्तविक लाभ भी मिले। अभियान के प्रथम दिवस 17 सितम्बर को जिले में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कलेक्टर ने अभियान को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने के लिए विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों, अभिभावकों एवं परिवारों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ‘नमो सेवा गाथा’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’ और ‘रंगोली राष्ट्र’ जैसी रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के संदेश को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाया जाए। उन्होंने राष्ट्रीय इनोवेशन चौलेंज के माध्यम से विद्यार्थियों, युवाओं एवं नवाचार से जुड़े लोगों के नए विचारों और रचनात्मक सोच को प्रोत्साहित करने की बात कही। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अभियान के दौरान स्थानीय स्तर पर किए जा रहे उल्लेखनीय सेवा कार्यों और जनभागीदारी की प्रेरक कहानियों को सामने लाया जाए, ताकि अच्छे कार्यों को व्यापक पहचान मिले और अन्य लोग भी उनसे प्रेरित हों। एक माह तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ का समापन 17 अक्टूबर 2026 को ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट’ के साथ राष्ट्रीय स्तर पर होगा। अभियान के दौरान विभिन्न स्तरों पर आयोजित सेवा गतिविधियों, जनभागीदारी और उल्लेखनीय कार्यों को व्यापक मंच प्रदान किया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |