Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत जिला अस्पताल में रक्तदान शिविर आयोजित


 सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत जिला अस्पताल में रक्तदान शिविर आयोजित

कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा ने शिविर में शामिल होकर रक्तदाताओं का बढ़ाया उत्साह
युवाओं से अधिक से अधिक रक्तदान की अपील की
जिला अस्पताल का भी निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं का लिया जायजा

गरियाबंद 17 सितंबर 2026/ ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आज शासकीय जिला चिकित्सालय गरियाबंद में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा, वरिष्ठ नागरिक श्री अनिल चंद्राकर एवं स्थानीय जनप्रतिनिधिगण भी शामिल हुए। उन्होंने रक्तदाताओं से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों एवं युवाओं ने रक्तदान के लिए आगे आकर अपनी सहभागिता निभाई। इस अवसर पर कलेक्टर श्री शर्मा ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। दुर्घटना में घायल मरीजों, गंभीर बीमारी से जूझ रहे लोगों तथा प्रसव के दौरान रक्त की आवश्यकता वाली महिलाओं के उपचार में समय पर उपलब्ध रक्त अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने कहा कि रक्तदान के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने और युवाओं को इस पुनीत कार्य से जोड़ने की आवश्यकता है। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए युवाओं से अपील की कि स्वस्थ एवं पात्र व्यक्ति आगे आकर नियमित रूप से रक्तदान करें। उन्होंने कहा कि रक्तदान के माध्यम से हम किसी अनजान जरूरतमंद के जीवन में उम्मीद की नई किरण जगा सकते हैं। शिविर में पहली बार रक्तदान करने वाले युवाओं का भी उत्साह बढ़ाया गया। कलेक्टर ने रक्तदान शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने रक्तदाताओं के स्वास्थ्य परीक्षण, रक्त संग्रहण एवं अन्य प्रक्रियाओं के संबंध में जानकारी ली तथा रक्त संग्रहण एवं भंडारण की प्रक्रिया को सुरक्षित एवं वैज्ञानिक तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए, ताकि आवश्यकता के समय मरीजों को रक्त उपलब्ध कराया जा सके।

जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं का भी किया निरीक्षण -
रक्तदान शिविर के पश्चात कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा ने जिला अस्पताल के विभिन्न विभागों का निरीक्षण कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने आपातकालीन कक्ष का निरीक्षण करते हुए वहां मरीजों के उपचार, आवश्यक संसाधनों एवं आपात स्थिति में उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने तथा आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने अस्पताल स्थित अटल आरोग्य लैब का भी निरीक्षण किया। उन्होंने लैब में उपलब्ध जांच सुविधाओं एवं कार्यप्रणाली की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि अटल आरोग्य लैब में वर्तमान में खून एवं पेशाब सहित 148 प्रकार की जांच की सुविधा उपलब्ध है। कलेक्टर ने जांच प्रक्रिया, मरीजों को रिपोर्ट उपलब्ध होने की व्यवस्था तथा लैब में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने दंत चिकित्सा कक्ष का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां उपलब्ध उपकरणों, मरीजों को दी जा रही दंत चिकित्सा सेवाओं तथा आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल में आने वाले मरीजों को सभी उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी देने और बेहतर उपचार सुविधा सुनिश्चित करने पर जोर दिया। कलेक्टर श्री शर्मा ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य सेवा भावना को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है। रक्तदान जैसे मानवीय कार्यों के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाना भी जनसेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज के साथ संवेदनशील व्यवहार करते हुए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक, अधिकारी-कर्मचारी, रक्तदाता एवं नागरिकगण मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |