शिक्षक दिवस पर विधायक इंद्र साव करेंगे शिक्षकों का सम्मान,
केबीसी में शामिल योगेश साहू का भी होगा सम्मान
भाटापारा::- शिक्षक दिवस के अवसर पर प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी स्व० के.आर. साव सेवानिवृत्ति प्रधान पाठक की स्मृति में स्थानीय कुर्मी बोर्डिंग मंडी रोड में 5 सितंबर शिक्षक दिवस के अवसर पर
छत्तीसगढ़ पेंशनधारी कल्याण संघ के तत्वावधान में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया है,इस दौरान केबीसी में 50 लाख रु० जीतकर भाटापारा सहित छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाले प्रतिभावान युवक योगेश साहू का विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।
विदित हो कि प्रत्येक वर्ष शिक्षक दिवस के अवसर पर
स्व० के.आर. साव सेवानिवृत्ति प्रधान पाठक की स्मृति में शिक्षकों का सम्मान समारोह का आयोजन उनके सुपुत्र इंद्र साव के सौजन्य से होते आ रहा है। इस वर्ष भी
छत्तीसगढ़ पेंशनधारी कल्याण संघ के तत्वावधान में 5 सितंबर को शिक्षकों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले एवं उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। विगत कई वर्षों से इस आयोजन में हिस्सा लेने वाले इंद्र साव ने बताया कि शिक्षक समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वे विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, अनुशासन और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। शिक्षक दिवस के अवसर पर उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के उद्देश्य से सम्मान समारोह का आयोजन किया जाता रहा है।
शिक्षक दिवस पर दोपहर 12 बजे से आयोजित होने वाले इस आयोजन के बारे में जानकारी देते हुए संघ के अध्यक्ष रघुनाथ प्रसाद पटेल ने बताया कि इस गरिमा पूर्ण समारोह के मुख्य अतिथि भाटापारा विधानसभा के लोकप्रिय विधायक इंद्र साव होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुरेश वर्मा प्रदेश उपाध्यक्ष छत्तीसगढ़ कांग्रेस व्यापारी प्रकोष्ठ करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में सतीश अग्रवाल पूर्व सदस्य भवन एवं अन्य सनिर्माण कल्याण मंडल छत्तीसगढ़ शासन, सुशील शर्मा पूर्व अध्यक्ष कृषि उपज मंडी समिति भाटापारा, रोशन हबलानी पूर्व सदस्य सिंधी अकादमी छत्तीसगढ़ शासन एवं आलोक मिश्रा पूर्व सदस्य श्रम कल्याण मंडल छत्तीसगढ़ शासन उपस्थित रहेंगे।
इस अवसर पर अध्यक्ष रघुनाथ प्रसाद पटेल ने आगे बताया कि कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, शिक्षक, विद्यार्थी एवं अभिभावक शामिल होंगे। इस दौरान सम्मानित होने वाले शिक्षकों को शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने संघ के समस्त सेवा निवृत शिक्षकों एवं पेंशनरों सहित नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।

