अधिकारियों-कर्मचारियों को दी गई आवश्यक जानकारी व निर्देश
गरियाबंद, 22 सितम्बर 2025/छत्तीसगढ़ शासन के भण्डार क्रय नियम 2002 (संशोधित) तथा भारत शासन के जेम पोर्टल के प्रावधानों के तहत शासकीय खरीदी की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करने हेतु आज संयुक्त जिला कार्यालय, सभाकक्ष गरियाबंद में कार्यशाला आयोजित की गई। इस कार्यशाला की अध्यक्षता कलेक्टर श्री बी.एस. उइके ने की। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप अब समस्त शासकीय खरीदी जेम पोर्टल के माध्यम से ही की जानी है। इसके लिए सभी विभागीय अधिकारियों को समय पर प्रशिक्षण लेकर पोर्टल का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करना होगा। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता और समयबद्धता लाना विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जेम पोर्टल के माध्यम से न केवल विभागीय खरीदी में सरलता आएगी बल्कि भ्रष्टाचार पर भी अंकुश लगेगा। इस अवसर पर महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग एवं केंद्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यशाला में कार्यालय प्रमुख, आहरण एवं संवीतन अधिकारियों को प्रशिक्षित किया गया तथा जेम पोर्टल के तकनीकी पक्षों की विस्तृत जानकारी दी गई। कलेक्टर ने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे कार्यशाला से प्राप्त जानकारी को व्यवहार में उतारकर जिले की खरीदी प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाएँ।
