Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

कलेक्टर श्री बी.एस. उइके ने मैनपुर क्षेत्र के गौरघाट धान खरीदी केंद्र का किया भौतिक सत्यापन


 कलेक्टर श्री बी.एस. उइके ने मैनपुर क्षेत्र के गौरघाट धान खरीदी केंद्र का किया भौतिक सत्यापन

धान उपार्जन में 211 बारदाना व 84.40 क्विंटल धान की कमी पाई गई
पारदर्शिता व किसान सुविधाओं के लिए अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

गरियाबंद, 21 दिसम्बर 2025/ कलेक्टर श्री बी.एस. उइके ने मैनपुर विकासखंड अंतर्गत गौरघाट धान खरीदी केंद्र का भौतिक सत्यापन करते हुए धान खरीदी की संपूर्ण प्रक्रिया का विस्तार से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र में की जा रही धान तौल, गुणवत्ता परीक्षण, भंडारण, परिवहन एवं किसानों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं की गहन समीक्षा की। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि धान खरीदी कार्य शासन द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप पूर्ण पारदर्शिता एवं समयबद्ध तरीके से किया जाए।
कलेक्टर श्री उइके ने मौके पर उपस्थित किसानों से सीधे संवाद कर धान विक्रय के दौरान आ रही समस्याओं की जानकारी ली। किसानों ने बताया कि तौल एवं पंजीयन की प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित हो रही है। इस पर कलेक्टर ने संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और धान खरीदी केंद्र में अनुशासन एवं व्यवस्था बनी रहे। उन्होंने भुगतान प्रक्रिया को भी समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने नमी मापक यंत्र, बारदाना की उपलब्धता, स्टॉक पंजी, सुरक्षा व्यवस्था एवं साफ-सफाई की स्थिति का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शासन की अत्यंत महत्वपूर्ण योजना है, जिसका मुख्य उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का उचित एवं समय पर मूल्य प्रदान करना है। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता या शिकायत मिलने पर संबंधितों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर श्री उइके ने धान खरीदी केंद्र में किसानों के लिए पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था एवं प्राथमिक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण, सतत मॉनिटरिंग एवं समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि जिले में धान खरीदी कार्य को पूरी तरह किसान-हितैषी, पारदर्शी एवं भरोसेमंद बनाया जाए।
भौतिक सत्यापन के दौरान कलेक्टर ने पाया कि धान खरीदी केंद्र में कुल 09 स्टेक में उपार्जित धान बारदाना रखा हुआ है। जिसमें बारदाना संख्या 26 हजार 410, धान की मात्रा 10 हजार 564.00 क्विंटल पाया गया, जबकि वास्तविक खरीदी सत्यापन के दौरान 26 हजार 121 बारदाना, कुल धान की मात्रा 10 हजार 648.40 क्विंटल ऑनलाईन पोर्टल में दिख रहा है। इस प्रकार भौतिक सत्यापन में 211 बारदाना कुल मात्रा 84.40 क्विंटल उपार्जित धान की मात्रा में कमी पाई गयी। इस निरीक्षण के दौरान उप संचालक कृषि श्री चंदन कुमार रॉय, जिला विपणन अधिकारी, सहकारिता विभाग की सहायक आयुक्त सुश्री महेश्वरी तिवारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |