सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने सड़क सुरक्षा नियमों के पालन पर दिया जोर
September 18, 2026
सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने सड़क सुरक्षा नियमों के पालन पर दिया जोर
गरियाबंद, 18 सितंबर 2026/ महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी की अध्यक्षता में आज जिला पंचायत के सभाकक्ष में सड़क सुरक्षा समिति की त्रैमासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजिम विधायक श्री रोहित साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री गौरीशंकर कश्यप, नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष श्री रिखीराम यादव, कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा, पुलिस अधीक्षक श्री वेदव्रत सिरमौर, वनमण्डलाधिकारी श्री मयंक पाण्डेय, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रखर चंद्राकर सहित जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में जिले में सड़क सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों एवं ब्लैक स्पॉट की पहचान, सड़क सुधार तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने सड़क सुरक्षा के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सांसद श्रीमती चौधरी ने गांवों में सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए कोटवारों के माध्यम से मुनादी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई करते हुए नियमानुसार जुर्माना लगाने तथा गांव स्तर पर अवैध शराब की बिक्री के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए केवल प्रशासनिक कार्रवाई ही नहीं, बल्कि सामूहिक एवं सामाजिक प्रयास भी जरूरी हैं।
उन्होंने अवैध शराब बिक्री शिकायतकर्ताओं की गोपनीयता बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि अवैध शराब बिक्री अथवा अन्य यातायात संबंधी मामलों की सूचना देने वाले व्यक्तियों की पहचान सार्वजनिक नहीं होनी चाहिए। सांसद ने हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के इस्तेमाल से बचने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। बैठक में स्कूल बसों की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। सांसद ने स्कूल बस चालकों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा वाहनों की फिटनेस एवं सुरक्षा मानकों की जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूल-कॉलेजों में विद्यार्थियों के बीच सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर भी जोर दिया।
बैठक में सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की तत्काल सहायता और उपचार से संबंधित पीएम राहत योजना की जानकारी भी दी गई। योजना के तहत पात्र सड़क दुर्घटना पीड़ितों को दुर्घटना के बाद 7 दिनों तक 1.50 लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराने की व्यवस्था है। वहीं राहवीर योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की जान बचाने के लिए गोल्डन ऑवर में अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाता है। सांसद ने इन योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
सांसद श्रीमती चौधरी ने जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जतमई, घटारानी मंदिर एवं जलप्रपात जैसे पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानियां, सूचना बोर्ड, सुरक्षा व्यवस्था एवं जागरूकता गतिविधियां सुनिश्चित करने को कहा। अधिकारियों ने बताया कि 01 जनवरी से 17 सितंबर तक कुल 6 हजार 813 चालान प्रकरणों में 77 लाख 5 हजार 500 रूपये अर्थदण्ड लगाया गया। इसी प्रकार ऑनलाइन माध्यम से ई चालान के द्वारा 1 हजार 483 प्रकरणों में 18 लाख 2 हजार 200 रूपये अर्थदण्ड लगाया गया।

.jpg)