सेवा संकल्प अभियान: बच्चों की कल्पना में सजेगा विकसित भारत
25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत पहल के तहत गरियाबंद में हुई प्रतियोगिताएं
पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय में चित्रकला, रंगोली एवं भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में हुई शामिल
गरियाबंद 18 सितम्बर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ पहल के तहत जिले में विद्यार्थियों की कल्पनाशक्ति, रचनात्मकता और विचारों को मंच प्रदान करने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय, गरियाबंद में चित्रकला, रंगोली एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस पहल के तहत विकसित भारत की संकल्पना, नई तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सहित विभिन्न विषयों पर विद्यार्थियों ने अपने विचार और कल्पनाएं प्रस्तुत कीं। अभियान में ऐसी गतिविधियों के माध्यम से बच्चों की कल्पना को परिवार और समाज तक पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है। आयोजन में बच्चों ने विकसित भारत और प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा 25 वर्षों के सेवाकाल में किये गये कार्यों को आकर्षक ड्राइंग के माध्यम से दर्शाया गया। साथ ही भविष्य की योजनाओं पर चर्चा करते हुए भाषण प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुई। राजिम विधायक श्री रोहित साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री गौरीशंकर कश्यप, उपाध्यक्ष श्रीमती लालिमा ठाकुर एवं नगर पालिका अध्यक्ष श्री रिखीराम यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रखर चंद्राकर सहित जिला प्रशासन के अधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक माता - पिता चाहते हैं कि उनके बच्चे अच्छी शिक्षा प्राप्त कर आगे बढ़ें और परिवार एवं देश का नाम रोशन करें। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर कड़ी मेहनत करने तथा समय का सदुपयोग करने की अपील की। उन्होंने पढ़ाई के साथ खेलकूद को भी आवश्यक बताते हुए कहा कि इससे तन और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं। उन्होंने कहा कि समय के साथ समाज की सोच में बदलाव आया है और आज बेटियां शिक्षा, खेल, रक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने छात्राओं से अपनी क्षमता पहचानकर आगे बढ़ने तथा विद्यार्थियों से मोबाइल का सीमित एवं सकारात्मक उपयोग करने की अपील की।
राजिम विधायक श्री रोहित साहू ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और रचनात्मक क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर संकल्प के साथ आगे बढ़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में तकनीक के साथ कदम से कदम मिलाकर चलना आवश्यक है तथा सफलता के लिए समय का सदुपयोग, निरंतर प्रयास और मेहनत जरूरी है। विकसित भारत के निर्माण में युवा पीढ़ी की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। इस दौरान अतिथियों ने रंगोली, चित्रकारी एवं भाषण प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया।
कलेक्टर ने कहाः लक्ष्य के प्रति चट्टान की तरह मजबूत रहें विद्यार्थी -
कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा ने विद्यालय में आयोजित विभिन्न गतिविधियों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को अपने रुचि के क्षेत्र की पहचान कर भविष्य के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए दृढ़ संकल्प और निरंतर मेहनत आवश्यक है। विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति चट्टान की तरह मजबूत रहना चाहिए। कलेक्टर ने कहा कि विद्यार्थी जीवन का समय अत्यंत महत्वपूर्ण होता है और यह समय दोबारा वापस नहीं आता। इसलिए विद्यार्थियों को प्रत्येक क्षण का सदुपयोग करते हुए अपने लक्ष्य की दिशा में निरंतर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को करियर के विभिन्न अवसरों की जानकारी देते हुए कहा कि वर्तमान समय में छात्राओं के लिए भी शिक्षा, रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं के क्षेत्र में व्यापक संभावनाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी क्षमता और रुचि के अनुरूप करियर का चयन कर पूरी लगन से तैयारी करने के लिए प्रेरित किया।
एआई और नई तकनीक पर भी विद्यार्थियों ने रखे विचार -
कार्यक्रम में विकसित भारत की परिकल्पना, नई तकनीक एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि तकनीक और एआई का रचनात्मक एवं सकारात्मक उपयोग देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। विद्यार्थियों को बदलती तकनीक के अनुरूप स्वयं को तैयार करते हुए उसके अवसरों और संभावनाओं को समझने की आवश्यकता है। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और चित्रकला, रंगोली तथा भाषण के माध्यम से विकसित भारत को लेकर अपनी कल्पनाओं और विचारों को अभिव्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान शंकर चेलक ने प्रेरणादायक कविता की प्रस्तुति दी। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्रीमती ऋषा ठाकुर, एसडीएम सुश्री हितेश्वरी बाघे, जिला शिक्षा अधिकारी श्री राजेंद्र चंद्राकर, डीएमसी श्री शिवेंद्र शुक्ला, प्राचार्य आईपी साहू, शाला विकास एवं प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री प्रशांत मानिकपुरी, वरिष्ठ नागरिक श्री अनिल चंद्राकर, श्री सुमित पारख सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

.jpg)