आस्था के धाम से स्वच्छता का संदेश
गरियाबंद, 17 सितंबर 2026/ राष्ट्रव्यापी स्वच्छता अभियान के तहत गरियाबंद जिले में स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान का औपचारिक आगाज किया गया। अभियान की शुरुआत जिले के प्रसिद्ध एवं आस्था के केंद्र पावन धाम श्री भूतेश्वर नाथ मंदिर परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाकर की गई। प्रातः 7ः00 बजे से आयोजित महा-श्रमदान कार्यक्रम में प्रशासनिक अमला, पंचायत प्रतिनिधि और स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। अधिकारियों और ग्रामीणों ने हाथों में झाड़ू थामकर मंदिर परिसर के साथ मुख्य सड़क के किनारे तथा समीपवर्ती तालाब क्षेत्र में भी गहन साफ-सफाई की। इस दौरान एकत्रित कचरे और प्लास्टिक अपशिष्ट का सुरक्षित निस्तारण किया गया।
इस दौरान परियोजना अधिकारी श्री भारतीस साय भगत, जनपद पंचायत सीईओ सुश्री नम्रता शर्मा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती संध्या वर्मा, जिला पंचायत समन्वयक श्री परवेज हनफी, ब्लॉक समन्वयक लता निषाद एवं भानेश्वरी यादव सहित पंचायत अमला और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे। इस दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने, कचरे का उचित प्रबंधन करने तथा सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों को स्वच्छ रखना प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। इस अभियान के अंतर्गत आगामी दिनों में जिले के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, जल स्रोतों और ग्राम पंचायतों में भी लगातार स्वच्छता गतिविधियां संचालित की जाएंगी।

