भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर आयोजित होंगे विविध कार्यक्रम
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश लाटिया ने प्रेसवार्ता में दी जानकारी।
15 नवंबर को मनाया जाएगा जनजातीय गौरव दिवस।
गरियाबंद। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश लाटिया ,रोहित साहू विधायक राजिम विधानसभा ने गरियाबंद के भाजपा जिला कार्यालय में एक महत्वपूर्ण प्रेसवार्ता को संबोधित किया। इस दौरान उनके साथ पिछड़ा वर्ग आयोग के प्रदेश अध्यक्ष नेहरू निषाद, गरियाबंद भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर, जिला महामंत्री डॉ आशीष शर्मा, आदिवासी मोर्चा के जिला अध्यक्ष ऋतुराज शाह, वरिष्ठ भाजपा नेता मुरलीधर सिन्हा, मंत्री सुरेन्द्र सोनटेके, कोषाध्यक्ष अजय रोहरा , प्रवक्ता राधेश्याम सोनवानी, प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
प्रेसवार्ता में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश लाटिया ने भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय के निर्देशानुसार 15 नवंबर को मनाए जाने वाले जनजातीय गौरव दिवस और इस वर्ष धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के विशेष अवसर पर आयोजित किए जा रहे जनजातीय गौरव वर्ष पखवाड़ा की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह पखवाड़ा 1 नवम्बर से 15 नवम्बर 2025 तक पूरे देश के साथ-साथ प्रदेश में भी मनाया जा रहा है, जिसके तहत राज्य के सभी जिलों में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाने हैं।
–शहीद वीर नारायण सिंह संग्रहालय बना गौरव का प्रतीक–
प्रेसवार्ता के दौरान सतीश लाटिया ने विशेष रूप से 1 नवंबर, 2025 को छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नवा रायपुर में लोकार्पित शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक सह जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय का जिक्र किया।
उन्होंने कहा, यह संग्रहालय न केवल प्रदेश का, बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ा रहा है। यह जनजातियों के गौरव और सम्मान को सर्वोच्च शिखर तक पहुंचाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने यह भी बताया कि 12 नवंबर को प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) और देश के ख्याति प्राप्त प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों ने भी इस संग्रहालय का भ्रमण किया, जो इसके महत्व को दर्शाता है।
1 नवम्बर से 15 नवंबर तक जनजातीय गौरव वर्ष पखवाड़ा मुख्य गतिविधियां–
प्रदेश उपाध्यक्ष श्री लाटिया ने बताया कि 15 नवंबर को जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम के साथ-साथ पूरे पखवाड़े के दौरान विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य जनजातीय संस्कृति, नायकों और सरकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना है।
पखवाड़े के दौरान होने वाले प्रमुख कार्यक्रम–
जिला स्तरीय आयोजन सभी जिलों में 15 नवंबर को प्रभारी मंत्रियों के मुख्य आतिथ्य में मुख्य कार्यक्रम होगा, जिसमें जनप्रतिनिधि और प्रभारी सचिव शामिल होंगे।
लोक कला महोत्सव शहीद वीर नारायण सिंह लोक कला महोत्सव और उत्तर छत्तीसगढ़ क्षेत्र जनजातीय लोक नृत्य महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। राज्य स्तरीय आयोजन 19 - 20 नवंबर को अंबिकापुर, सरगुजा में होगा।
छात्रावासों में कार्यक्रम सभी जनजातीय आश्रमों और आवासीय विद्यालयों में 15 नवंबर को प्रार्थना के दौरान भगवान बिरसा मुंडा के जीवन परिचय का वाचन किया जाएगा।
स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान अनुसूचित जनजाति वर्ग के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के परिवारों और जनजातीय समुदाय के प्रमुखों का सम्मान किया जाएगा।
विकास प्रदर्शनी जिला स्तरीय कार्यक्रमों में जनजातीय संस्कृति, कला, व्यंजन, हस्तशिल्प और भारत व राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं की प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
लाभार्थी संतृप्ति शिविर जनजातीय ग्रामों में विशेष कैंप लगाकर आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, जनधन खाता, जाति प्रमाण-पत्र, किसान सम्मान निधि, KCC और सिकल सेल जांच जैसी सेवाएं प्रदान की जाएंगी।
जन-जागरूकता प्रभात फेरी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, संगोष्ठी, चित्रकला, निबंध लेखन और भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
सफलता की कहानी कार्यक्रमों में सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों की सफलता की कहानियों को प्रदर्शित किया जाएगा और अतिथियों के साथ उनका संवाद भी कराया जाएगा। भाजपा नेताओं ने जोर देकर कहा कि ये सभी कार्यक्रम जनजातीय समुदाय के सर्वांगीण विकास और उनके गौरवशाली इतिहास को सम्मान देने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।


